बोर्ड परीक्षा के हिंदी पेपर लीक के शक पर FIR, मण्डल ने शुरू कराई जांच

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने कक्षा 12वीं की हिन्दी परीक्षा से जुड़े कथित प्रश्नपत्र लीक मामले को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज कराई है। यह कार्रवाई मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर वायरल दावों के आधार पर एहतियात के तौर पर की गई है।
मण्डल के अनुसार, 14 मार्च 2026 को हिन्दी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई थी। इसके बाद 15 मार्च को व्हाट्सएप और 16 मार्च को मीडिया के जरिए यह जानकारी सामने आई कि एक छात्र संगठन ने दावा किया है कि परीक्षा से एक दिन पहले, 13 मार्च को हिन्दी के प्रश्नों से संबंधित एक हस्तलिखित पर्चा सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि वायरल पर्चे में लिखे कुछ प्रश्न, परीक्षा में पूछे गए हिन्दी विषय के बी-सेट प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते हैं। हालांकि, मण्डल ने स्पष्ट किया है कि वायरल पर्चा साफ और पढ़ने योग्य नहीं है, इसलिए उसकी सत्यता की सीधी पुष्टि फिलहाल संभव नहीं हो पाई है।
सचिव ने यह भी बताया कि संबंधित वीडियो और सामग्री परीक्षा समाप्त होने के बाद सामने आई है, इसलिए पहली नजर में इसे प्रश्नपत्र लीक नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए मामले की जांच जरूरी समझी गई है।
मण्डल ने पुलिस और साइबर सेल को जांच सौंपी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। साथ ही यह भी कहा गया है कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





