चैत्र नवरात्रि 2026: पालकी पर आएंगी मां दुर्गा, हाथी पर होगा प्रस्थान—जानें प्रभाव

इस वर्ष चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ 19 मार्च 2026, गुरुवार से हो रहा है। नवरात्रि के नौ दिनों में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा की जाती है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि के आरंभ और समापन के दिन के आधार पर मां दुर्गा का आगमन और प्रस्थान किस वाहन पर होगा, यह तय होता है और उसी से पूरे वर्ष के संकेत भी माने जाते हैं।
इस बार नवरात्रि गुरुवार से शुरू हो रही है, इसलिए मां दुर्गा का आगमन पालकी (डोली) पर माना जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पालकी पर आगमन को बहुत शुभ नहीं माना जाता। यह समय में उतार-चढ़ाव, सामाजिक अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों के संकेत देता है। कई स्थानों पर तनाव या असंतुलन की स्थिति भी देखने को मिल सकती है।
वहीं, नवरात्रि का समापन शुक्रवार को होने के कारण मां दुर्गा का प्रस्थान हाथी पर होगा। शास्त्रों में हाथी को बेहद शुभ वाहन माना गया है। इसका संकेत है कि आने वाले समय में अच्छी वर्षा होगी, जिससे कृषि और जल संसाधनों को लाभ मिलेगा। साथ ही समाज में सुख-समृद्धि और खुशहाली बढ़ने के योग बनते हैं।
धार्मिक ग्रंथ श्रीमद देवी भागवत महापुराण में बताया गया है कि गुरु और शुक्रवार को माता का आगमन डोली में और प्रस्थान हाथी पर होता है, जो मिश्रित फल देता है। इसका अर्थ है कि शुरुआत में कुछ कठिनाइयां आ सकती हैं, लेकिन अंततः स्थितियां बेहतर होती हैं और सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
कुल मिलाकर इस वर्ष चैत्र नवरात्रि का प्रभाव मिश्रित रहने वाला है, जहां शुरुआती समय में चुनौतियां रहेंगी, लेकिन बाद में परिस्थितियां अनुकूल होती नजर आएंगी और समृद्धि के संकेत मिलेंगे।





