#राष्ट्रीय

एलपीजी सप्लाई पर राहत: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़े दो टैंकर, 65 लाख से ज्यादा सिलिंडर भरने जितनी गैस

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। देश में एलपीजी आपूर्ति को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारत के झंडे वाले दो एलपीजी टैंकर सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। उम्मीद है कि ये जहाज अगले दो दिनों में भारतीय तटों तक पहुँच जाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पाइन गैस’ और ‘जग वसंत’ नाम के ये दोनों टैंकर सोमवार सुबह फारस की खाड़ी से रवाना हुए और सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर लिया। दोनों जहाज एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, इन दोनों जहाजों में कुल 92,612 टन एलपीजी लदी हुई है। इतनी गैस से देश में लगभग 65.21 लाख घरेलू गैस सिलिंडर भरे जा सकते हैं। यह मात्रा भारत की करीब एक दिन की एलपीजी खपत के बराबर बताई जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, ये टैंकर 26 से 28 मार्च के बीच भारत के विभिन्न बंदरगाहों पर पहुँच सकते हैं। जहाजों पर क्रमशः 33 और 27 भारतीय नाविक सवार हैं।

गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो ईरान और ओमान के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, प्रभावित हो गया था। इस मार्ग के बाधित होने से तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ा था।

युद्ध की शुरुआत में इस क्षेत्र में भारत के कुल 28 जहाज मौजूद थे, जिनमें से कई फँस गए थे। हालांकि, हाल के दिनों में कुछ जहाज सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे हैं, जिससे सप्लाई स्थिति में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।

सरकार और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि देश में एलपीजी की आपूर्ति सुचारु बनी रहे।