Big News : छत्तीसगढ़ में ख़त्म होगा नक्सलवाद : टॉप लीडर पापाराव आज कर सकता है सरेंडर, 12 माओवादी भी डालेंगे हथियार

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, माओवादियों के केंद्रीय समिति का सदस्य और मोस्ट वांटेड नक्सली पापाराव जल्द ही बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर सकता है। उसके साथ करीब 12 अन्य माओवादी भी हथियार डालने की तैयारी में हैं।
सूत्रों के अनुसार, पापाराव लंबे समय से सुरक्षा बलों के निशाने पर था और उस पर कई गंभीर वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। उसके सरेंडर को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा तय 31 मार्च 2026 की डेडलाइन के करीब आते ही नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके चलते कई बड़े नक्सली अब आत्मसमर्पण का रास्ता अपना रहे हैं।
इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा निर्धारित समयसीमा नजदीक है और यदि नक्सली मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, तो यह एक सकारात्मक कदम है।
सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और सरेंडर की प्रक्रिया को लेकर तैयारियां जारी हैं। यदि यह आत्मसमर्पण होता है, तो बस्तर क्षेत्र में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लग सकता है।




