#प्रदेश

Big News : बिलासपुर में बर्ड फ्लू की दस्तक, मुर्गी-अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध, प्रशासन अलर्ट

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। शहर में बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा) के मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संक्रमण की पुष्टि होते ही कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से सख्त दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में कई तरह की गतिविधियों पर रोक लगा दी है।

प्रशासन ने 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया है। इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड शामिल हैं, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जारी आदेश के अनुसार, इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन में सभी प्रकार की पोल्ट्री गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके तहत मुर्गी और अंडे की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगा दी गई है। साथ ही पोल्ट्री दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करने और डोर-टू-डोर डिलीवरी सेवाएं रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने शहर में चेकपोस्ट स्थापित कर पोल्ट्री उत्पादों और पक्षियों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखते हुए पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।