Breaking : आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-लॉरी टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जल गए’14 यात्री

मार्कपुरम (आंध्र प्रदेश)। गुरुवार सुबह आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग फैल गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई। आशंका जताई जा रही है कि कई यात्री बस के अंदर ही जिंदा जल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शवों की हालत बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने मृतकों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर घटना की पूरी जानकारी ली और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, हादसे की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए हैं।





