राजधानी में सनसनीखेज डबल मर्डर: पूर्व पुलिसकर्मी ने पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से हत्या कर थाने में किया सरेंडर

रायपुर। राजधानी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला सेमरिया गांव (विधानसभा थाना क्षेत्र) का है, जहां एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और सौतेली बेटी की निर्मम हत्या कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाब साहू ने आज सुबह करीब 7 बजे पारिवारिक विवाद और चरित्र शंका के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। उसने अपनी पत्नी लता साहू और 22 वर्षीय सौतेली बेटी चित्रा पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि गुलाब साहू और लता साहू ने करीब चार साल पहले दूसरी शादी की थी। चित्रा, लता की पहले पति से बेटी थी। सौतेली बेटी के किसी युवक के साथ संबंध को लेकर आरोपी अक्सर नाराज रहता था।
वारदात की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है और वारदात के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है।





