#crime #प्रदेश

रिंग रोड पर मिली महिला की क्षत-विक्षत लाश, क्रूरता की हदें की पार ,दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से सनसनी

Advertisement Carousel

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास एक अधेड़ महिला का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रथम दृष्टया महिला के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

क्रूरता की हद पार, पहचान मिटाने की कोशिश

प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। हमलावरों ने सिर और गर्दन पर घातक वार किए हैं। पहचान छिपाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला बेहद क्रूर और सुनियोजित प्रतीत हो रहा है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के व्यस्त मार्ग पर इस तरह की नृशंस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों का मिलान कर शिनाख्त का प्रयास कर रही है।