बिलासपुर में बर्ड फ्लू पर काबू: 17 दिन बाद चिकन-अंडे की बिक्री शुरू, सिर्फ 1 किमी क्षेत्र में प्रतिबंध जारी

बिलासपुर। शहर में बर्ड फ्लू की आशंका के चलते चिकन और अंडों की बिक्री पर लगाया गया प्रतिबंध 17 दिनों बाद हटा लिया गया है। प्रशासन के इस फैसले के बाद अब शहर में चिकन और अंडों की दुकानें फिर से खुलने लगी हैं और कारोबार धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है।
दरअसल, कोनी स्थित एक पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस क्षेत्र घोषित कर दिया था। इस दौरान चिकन और अंडों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया था, जिससे बाजार और होटल-ढाबों में भी बिक्री बंद कर दी गई थी।
बाद में केंद्र और राज्य स्तर की संयुक्त टीम ने तीन दिनों तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच में यह पाया गया कि अन्य पोल्ट्री फार्म या किसी भी व्यक्ति में संक्रमण नहीं फैला है। इसके आधार पर प्रशासन ने सर्विलांस क्षेत्र से प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया।
हालांकि, जिस पोल्ट्री फार्म में संक्रमण मिला था, उसके 1 किलोमीटर के दायरे में अभी भी प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रशासन का कहना है कि इस क्षेत्र में पूरी सावधानी बरती जा रही है।
संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। कुल 22,808 पक्षियों को नष्ट किया गया, जबकि 25,000 अंडे और 79 क्विंटल पोल्ट्री फीड भी नष्ट किया गया। इसके अलावा, पशु चिकित्सा महाविद्यालय के 1,900 मुर्गों को भी एहतियातन खत्म किया गया।
राहत की बात यह है कि जांच के दौरान 41 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




