उपमुख्यमंत्री अरुण साव से डॉ. वर्णिका शर्मा की मुलाकात, जूडो खिलाड़ी रंजीता को मिलेगी मदद

रायपुर। रायपुर में अरुण साव से आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कोंडागांव बाल गृह की पूर्व छात्रा कु. रंजीता कुरैठी की उपलब्धियों और जरूरतों से अवगत कराया।
डॉ. शर्मा ने बताया कि रंजीता ने जूडो में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीते हैं और भारतीय टीम का हिस्सा भी रह चुकी है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को जानकारी दी कि खिलाड़ी को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए जापान भेजने और बेहतर पोषण के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है।
इस पर अरुण साव ने तत्परता दिखाते हुए रंजीता से वीडियो कॉल पर बातचीत की और खेल विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. वर्णिका शर्मा ने बताया कि आयोग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर बाल देखरेख संस्थाओं से बाहर निकलने वाले बच्चों के भविष्य निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें यह पहल भी शामिल है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों—जैसे खेल मैदानों की सुरक्षा, आवारा कुत्तों से बचाव और नगरीय क्षेत्रों में खुले गड्ढों की घेराबंदी—पर भी चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री ने इन सभी विषयों को आगामी विभागीय बैठक में शामिल कर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया।





