पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस का प्रिविलेज नोटिस, लोकसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग,जानिए क्या है मामला

दिल्ली। दिल्ली में सियासी हलचल के बीच कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेषाधिकार हनन (प्रिविलेज नोटिस) सौंपा है।
अपने पत्र में वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि 18 अप्रैल 2026 को राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने लोकसभा सदस्यों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उनकी मंशा पर सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि यह संसद की गरिमा और सांसदों के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है।
यह विवाद उस समय सामने आया जब लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 पारित नहीं हो सका। कांग्रेस का आरोप है कि अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने विपक्षी सांसदों के मतदान व्यवहार को लेकर सीधे तौर पर टिप्पणी की।
वेणुगोपाल ने अपने पत्र में इस मुद्दे को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत टिप्पणी का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा से जुड़ा विषय है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से तत्काल हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन स्थापित संसदीय परंपराओं के विपरीत था और इसमें विपक्ष पर राजनीतिक आरोप लगाए गए।
कांग्रेस ने इस मुद्दे को सांसदों के अधिकारों और संसद की गरिमा से जोड़ते हुए कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।




