पश्चिम विक्षोभ का असर: भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद , कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से मंगलवार को लोगों को बड़ी राहत मिली। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से कई इलाकों में बादल छाए, तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों, पूर्वोत्तर भारत और तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में 50 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। त्रिपुरा और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई।
बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जगह राहत
भारी बारिश के चलते आइजोल में सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करना पड़ा। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात के विभिन्न इलाकों में तेज हवाएं चलीं। पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई।
हिमाचल में बारिश से सुकून, पर्यटकों की बढ़ी संख्या
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में बारिश से मौसम सुहावना हो गया है। गर्मी से राहत मिलने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा देखा जा रहा है। मैदानी इलाकों की तपिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहाड़ी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं।





