अर्थशास्त्र अध्ययनशाला में अभिभावक-शिक्षक संवाद बैठक का सफल आयोजन

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर स्थित अर्थशास्त्र अध्ययनशाला में आज अभिभावक-शिक्षक संवाद बैठक का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही, जबकि कुछ अभिभावक ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े, जिससे कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अर्चना सेठी के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे संवादों की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इसके पश्चात वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर रविंद्र ब्रह्मे ने नवीन आर्थिक सर्वेक्षण पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों में बढ़ते स्क्रीन टाइम और जंक फूड के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके शैक्षणिक प्रदर्शन एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रेखांकित किया।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बी.एल. सोनकर ने अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर एवं समग्र विकास को और बेहतर बनाने हेतु विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में डॉ. कपिल चंद्रा भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर विभाग द्वारा गंभीरता से विचार किए जाने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि अभिभावक एवं शिक्षक मिलकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निरंतर सहयोग करते रहेंगे।





