#प्रदेश

बिलासपुर में बड़ा हादसा, बोरा फैक्ट्री में 25 फीट से गिरकर मजदूर की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

Advertisement Carousel

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बोरा फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर 25 फीट की ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

काम के दौरान बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लक्ष्मी प्रसाद धीवर, निवासी जांजी गांव के रूप में हुई है। वह पंधी स्थित बोरा फैक्ट्री में कार्यरत था। बुधवार को वह फैक्ट्री में ऊंचाई पर चढ़कर जाल और करकट की सफाई कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया।
हादसे के तुरंत बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप—सुरक्षा में लापरवाही
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट और सेफ्टी बेल्ट उपलब्ध नहीं कराए थे। उन्होंने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।