तेंदुए की आहट से गुदगुदा गांव में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, ग्रामीणों से की ये अपील…

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुदगुदा में देर रात तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। भीषण गर्मी और जंगलों में जलस्रोतों की कमी के कारण वन्यजीव अब भोजन और पानी की तलाश में रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ते देखे जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने देर रात गांव के आसपास एक तेंदुए को घूमते हुए देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी गई।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के कारण जंगलों में पानी की भारी कमी हो गई है, जिससे जंगली जानवरों का रुख गांवों की ओर बढ़ रहा है। स्थिति को देखते हुए विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की गई है, क्योंकि तेंदुए जैसे वन्यजीव छोटे बच्चों पर हमला कर सकते हैं।
फिलहाल वन विभाग की टीम गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही है ताकि किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना को रोका जा सके।





