#प्रदेश

रायपुर में IPL महामुकाबले से पहले मौसम ने बढ़ाई टेंशन, 1500 जवानों की सुरक्षा में होगा मैच

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार शाम 7:30 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि मैच से ठीक पहले मौसम ने आयोजकों और दर्शकों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है।

बीते शुक्रवार और आज शाम रायपुर में अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बेमौसम बारिश हुई। इससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं स्टेडियम में मैच देखने आने वाले फैंस की चिंता भी बढ़ गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। 11 मई के बाद मौसम में सुधार की संभावना है।

स्टार खिलाड़ियों की एंट्री से फैंस में क्रेज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली के रायपुर पहुंचने पर फैंस की भारी भीड़ एयरपोर्ट पर उमड़ पड़ी। विराट आर्मी उन्हें देखने के लिए घंटों इंतजार करती रही, हालांकि कड़ी सुरक्षा के चलते खिलाड़ी सीधे होटल रवाना हो गए।

मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी, जिनमें रोहित शर्मा शामिल हैं, पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं और टीम ने स्टेडियम में तीन घंटे तक जमकर अभ्यास किया। जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर और लसिथ मलिंगा ने भी प्रैक्टिस सेशन में अहम तैयारी की।

1500 से ज्यादा जवानों की तैनाती, CCTV से निगरानी
मैच को देखते हुए स्टेडियम और आसपास के इलाकों में 1500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। रायपुर कलेक्टर ने भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

दर्शकों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी
स्टेडियम में छाता, हथियार, बड़े बैग, कैमरा, लेजर लाइट, कांच की बोतलें, पटाखे और कई अन्य वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और निर्धारित गेट से ही प्रवेश करने की अपील की गई है।

फैंस में मुकाबले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। वहीं खबर है कि नीता अंबानी, अनुष्का शर्मा और सचिन तेंदुलकर का परिवार भी मैच देखने रायपुर पहुंच सकता है। अब सबकी निगाहें इस हाईवोल्टेज मुकाबले और मौसम के मिजाज पर टिकी हैं।