#प्रदेश

दिसंबर 2026 तक पूरा होगा पीएम एकता मॉल, सचिव ग्रामोद्योग ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण

Advertisement Carousel

 

रायपुर। पीएम एकता मॉल के निर्माण कार्यों का जायजा लेने आज वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने और परियोजना को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण दल में छत्तीसगढ़ ग्रामीण उद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के प्रबंध संचालक जे. पी. मौर्य, रायपुर विकास प्राधिकरण के कार्यपालन अभियंता सुशील शर्मा तथा सहायक अभियंता विवेक सिन्हा सहित तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना में अब तक लगभग 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। बेसमेंट निर्माण का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा तैयार हो गया है, जबकि ग्राउंड फ्लोर का स्ट्रक्चरल कार्य लगभग 50 प्रतिशत तक पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में बेसमेंट के भीतर प्लास्टर और अन्य सिविल कार्य तेजी से जारी हैं।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को माहवार कार्ययोजना प्रस्तुत करने और हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत भी दी गई।

मॉल को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा अपनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने भवन की छत के साथ-साथ दीवारों और अग्रभाग पर भी सोलर पैनल लगाने की संभावनाओं का अध्ययन करने को कहा, ताकि परियोजना को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान श्रमिक सुरक्षा, निर्माण गुणवत्ता और सभी संबंधित एजेंसियों के बेहतर समन्वय पर भी विशेष बल दिया गया।