गरियाबंद में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, डिप्टी डायरेक्टर से धक्का-मुक्की

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। बताया जा रहा है कि वरुण जैन के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मामला उदंती अभ्यारण के कोर जोन अंतर्गत सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव का है। वन विभाग ने कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के आरोप में 166 परिवारों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज किया था। सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। कुछ लोगों ने जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन बयान दर्ज नहीं हो सके थे।
बताया जा रहा है कि दो बार नोटिस जारी होने के बाद आरोपियों ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद वन विभाग ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई।
सोमवार को वन विभाग की टीम जैतपुरी गांव में बयान दर्ज करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की।
घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल बुलाया। डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




