छत्तीसगढ़ क्रिकेट को नई पहचान दिला रहा सीसीपीएल : बलदेव सिंह भाटिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में क्रिकेट लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने कहा कि प्रदेश आज क्रिकेट के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और आईपीएल मैचों का सफल आयोजन छत्तीसगढ़ क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसके लिए क्रिकेट संघ की पूरी टीम को बधाई दी।
बलदेव सिंह भाटिया ने कहा कि संघ की कोशिश है कि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि सीसीपीएल प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच साबित हो रहा है और खिलाड़ियों को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान ने खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन को लगातार बेहतर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है, अब खिलाड़ियों को खुद को साबित करने की जरूरत है।

राजेश चौहान ने टेस्ट क्रिकेट को खेल की “रीढ़” बताते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट से ही खिलाड़ियों की असली क्षमता सामने आती है। उन्होंने संघ के मुख्य कोच अमय खुरासिया की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
वहीं विजय शाह ने कहा कि सीसीपीएल आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले सीजन में कई खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बड़े अवसर मिले और कुछ खिलाड़ी आईपीएल ऑक्शन तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट संघ का लक्ष्य हर सीजन में सीसीपीएल के स्तर को और ऊंचा उठाना तथा कमियों को दूर कर इसे एक शानदार क्रिकेट लीग बनाना है।





