खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध रेत खनन पर मशीन सील, ईंट से भरा ट्रक जब्त

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत पचावल स्थित रेत खदान में विभाग ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
निरीक्षण के दौरान शिकायतों के आधार पर की गई जांच में एक चैन माउंटेड मशीन को नियमों के विपरीत रेत का अवैध उत्खनन करते हुए पाया गया। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को मौके पर ही सील कर दिया, जिसे पांगन नदी के किनारे खड़ा किया गया था।
इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध रूप से ईंटों का परिवहन कर रहे एक ट्रक को भी पकड़ा गया। जांच के बाद वाहन को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी दोहराया है कि प्रदेशभर में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर निगरानी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





