#प्रदेश

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों को कराया अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई में दी शुभकामनाएं

Advertisement Carousel

० सुशासन तिहार समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का निरीक्षण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर दिया जोर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित सुशासन तिहार समाधान शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्नप्राशन संस्कार में भाग लेते हुए नन्हे बच्चों को अपने हाथों से अन्नप्राशन कराया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। इस मौके पर शेवांशी चक्रधारी, राध्या यादव, हिमांशी निषाद, कान्हा सेन और अहान बंजारे सहित अन्य बच्चे शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने स्वस्थ बच्चों से भी भेंट की, जिनमें रुपेश पटेल, चंचल पटेल, प्रिंसू चक्रधारी, हार्दिक बंजारे और लोककाव्या खांडे शामिल थे। उन्होंने अभिभावकों से बातचीत कर बच्चों के बेहतर पोषण और देखभाल के लिए प्रेरित किया।

इसी दौरान आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं को उपहार भेंट कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संतोषी निषाद, पूर्णिमा परेल, ममता पटेल, जयंती बंजारे और रूखमणी पाल उपस्थित रहीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि माताओं और बच्चों को बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।