#प्रदेश

बिलासपुर में खाद्य तेल की थोक दुकान में भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाद्य तेल की थोक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान धुएं और लपटों से घिर गई।

जानकारी के अनुसार व्यापार विहार स्थित चौधरी एजेंसी में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। आग लगने से लाखों रुपये के माल के जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है, क्योंकि दुकान में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद है।

आसपास की दुकानों पर भी मंडरा रहा खतरा

व्यापार विहार क्षेत्र में खाद्य तेल और अन्य थोक कारोबार की कई दुकानें एक-दूसरे के समीप संचालित होती हैं। ऐसे में आग फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के प्रतिष्ठानों को भी सतर्क कर दिया है। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो नुकसान और बढ़ सकता है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक नुकसान और कारणों का आकलन किया जा सकेगा।

घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की है।