दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न: आज बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट, तापमान में बड़ी गिरावट

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 मई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
आईएमडी के मुताबिक सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान सामान्यतः मेघमय हो जाएगा। शाम और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली में कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बादलों और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में अलर्ट
आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।





