रायपुर पश्चिम को ₹1.20 करोड़ की सौगात, ‘महतारी सदन’ और महिला योग भवन का लोकार्पण

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र को सामाजिक विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। रायपुरा स्थित विप्र नगर में ₹1.20 करोड़ की लागत से निर्मित ‘महतारी सदन’ और ‘महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर’ का लोकार्पण सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक राजेश मूणत ने किया।
परियोजना के तहत ₹80 लाख की लागत से बने महतारी सदन में आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए आधुनिक प्ले स्कूल और डे-केयर सेंटर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ₹40 लाख की लागत से तैयार महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है।
लोकार्पण समारोह में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना सामाजिक सरोकार और विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है, जबकि विधायक राजेश मूणत ने इसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि महतारी सदन वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर देगा और महिला योग भवन मातृशक्ति के स्वास्थ्य संवर्धन में अहम भूमिका निभाएगा।
नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह परिसर महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी साबित होगा तथा निगम इसके सुचारू संचालन और प्रबंधन में सहयोग करेगा।





