#crime #प्रदेश

भिलाई में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी का शव फर्श पर मिला, पति फंदे पर लटका

Advertisement Carousel

 

भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के एक कमरे में पत्नी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जबकि दूसरे कमरे में पति फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला।

मृतकों की पहचान जी. वेंकट रमन मूर्ति (55) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब घर में कोई हलचल नहीं होने पर मृतक की मां वहां पहुंचीं। उन्होंने बहू को मृत अवस्था में देखा और अंदर के कमरे में बेटे को फंदे से लटका पाया। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर रस्सी जैसे निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है और हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं पति का शव फांसी पर मिलने से आत्महत्या की संभावना पर भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसका लॉक खुलवाकर जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।