#crime #प्रदेश

जांजगीर-चांपा में दर्दनाक त्रासदी: पत्नी रूठकर गई मायके, दो मासूम बेटों को जहर देने के बाद पिता ने भी दी जान

Advertisement Carousel

 

जांजगीर-चांपा।जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बेटों को जहर देने के बाद खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह मृतक रमेश कुमार पटेल (35) कटनाई गांव में धान कुटवाने गया था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके घर में उसके दोनों बच्चों और उसकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शव बरामद किए।

मृतकों की पहचान:

रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष)
आदर्श पटेल (3 वर्ष)
अभिनव पटेल (करीब 2 वर्ष)

पत्नी से विवाद के बाद तनाव में था परिवार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब एक सप्ताह पहले रमेश का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को रमेश पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अकेले घर लौट आया था।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके को सील कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है।मामले की जांच की निगरानी योगिता बाली खापर्डे स्वयं कर रही हैं। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मासूम बच्चों की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।