छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार तेज, कई जिलों में बारिश; अगले 3 दिन गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से आंशिक राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में तापमान लगभग स्थिर रहा। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार केशकाल और छिंदगढ़ में 3-3 सेंटीमीटर, कांकेर, गंडई, जगदलपुर, बोराई, बड़े राजपुर, कुआकोंडा, माकड़ी और दुर्ग में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं पिपरिया, धमधा, बड़े बचेली, राजनांदगांव, चारामा, तोंगपाल, खड़गांव और भीमभोरी में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
सक्रिय हैं मौसम प्रणालियां
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब से बिहार तक एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना, आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।
आज और अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक और अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




