#प्रदेश

आश्रम-छात्रावासों में अब मिलेगी पोषण की नई सौगात: 1000 परिसरों में बनेंगी ‘पोषण वाटिकाएं’, बच्चों को मिलेंगे ताजे फल और सब्जियां

Advertisement Carousel

0 मुख्यमंत्री की पहल से बढ़ीं 2000 नई सीटें, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने दिए शैक्षणिक सुविधाएं और मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आदिम जाति विकास विभाग के छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के पोषण और शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है। अब प्रदेश के 1000 आश्रम-छात्रावासों में ‘पोषण वाटिकाएं’ विकसित की जाएंगी, जहां उगने वाले ताजे फल और हरी सब्जियां सीधे बच्चों के भोजन में शामिल होंगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर इस वर्ष छात्रावासों में करीब 2000 नई सीटों की बढ़ोतरी भी की गई है।

मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को छात्रावास-आश्रमों में शिक्षा, पोषण और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पोषण वाटिकाओं में आम, अमरूद, जामुन, पपीता, केला और सीताफल जैसे फलदार वृक्षों के साथ भिंडी, टमाटर, करेला, लौकी, आलू, प्याज और मुनगा जैसी पौष्टिक सब्जियां उगाई जाएंगी। इससे बच्चों को ताजा एवं पौष्टिक आहार मिलेगा और छात्रावास परिसर भी हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनेंगे।

समीक्षा बैठक में नवीन शैक्षणिक सत्र को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने छात्रावासों में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली को सख्ती से लागू करने, सत्र शुरू होने से पहले पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 3357 छात्रावास-आश्रम संचालित हैं, जिनमें 1 लाख 98 हजार 371 स्वीकृत सीटें हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और विभागीय मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में इस वर्ष लगभग 2000 नई सीटों का विस्तार किया गया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।

बैठक में छात्रावास भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और 31 जुलाई तक अधिकतम निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा संविधान के अनुच्छेद 275(1) के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं, वित्तीय मामलों और विभागीय लंबित प्रकरणों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त डी. राहुल वेंकट, संचालक हिना अनिमेष नेताम, प्रबंध संचालक जगदीश कुमार सोनकर, संयुक्त सचिव बी.के. राजपूत, अनुपम त्रिवेदी, अपर संचालक संजय गौड़, वित्तीय सलाहकार नीरज मिश्रा, उपायुक्त एल.आर. कुर्रे, विश्वनाथ रेड्डी, मेनका चंद्राकर, कार्यपालन अभियंता त्रिदीप चक्रवर्ती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।