#प्रदेश

बिलासपुर में भी लागू होगी पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली : 3 डीसीपी संभालेंगे कमान, सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक

Advertisement Carousel

 

० रायपुर मॉडल की सफलता के बाद साय सरकार की तैयारी तेज, शहर में लगेंगे 1000 सीसीटीवी कैमरे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जल्द ही पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू हो सकती है। रायपुर में इस व्यवस्था के सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद साय सरकार अब बिलासपुर समेत प्रदेश के अन्य बड़े शहरों में भी इसे लागू करने की तैयारी कर रही है।

बिलासपुर दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने संकेत दिए कि रायपुर की तर्ज पर बिलासपुर की पुलिस व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया जाएगा। नई प्रणाली लागू होने से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाया जाएगा।

ग्रामीण और शहरी पुलिसिंग होगी अलग

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बिलासपुर की पुलिस व्यवस्था को ग्रामीण (रूरल) और शहरी (अर्बन) पुलिसिंग में विभाजित किया जाएगा। वर्तमान में पूरे जिले की जिम्मेदारी एक एसएसपी के पास होती है, लेकिन कमिश्नरेट लागू होने के बाद शहरी क्षेत्र को 2 से 3 जोन में बांटा जाएगा। प्रत्येक जोन की कमान डीसीपी (पुलिस उपायुक्त) स्तर के अधिकारी संभालेंगे, जिससे थानों की निगरानी और कानून-व्यवस्था पर अधिक प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।

शहर में लगेंगे 1000 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे

बिलासपुर को सुरक्षित और तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली से जोड़ने के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 1000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों के जरिए अपराधों की निगरानी और रोकथाम को और अधिक प्रभावी बनाने की योजना है।

रायपुर मॉडल से मिली प्रेरणा

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में सकारात्मक परिणाम दिए हैं। इसी अनुभव के आधार पर अब बिलासपुर में भी इस व्यवस्था को लागू करने पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। यदि प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो बिलासपुर प्रदेश का दूसरा शहर होगा जहां पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होगी।