सामाजिक अंकेक्षण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, आपत्तियों का जल्द करें निपटारा : मुख्य सचिव विकासशील

० सामाजिक अंकेक्षण इकाई की सामान्य सभा में दिए निर्देश, ग्राम सभाओं में रिपोर्ट प्रस्तुत करने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सामाजिक अंकेक्षण के दौरान प्राप्त सभी आपत्तियों का कंडिकावार शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है और इसमें जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ सामाजिक अंकेक्षण इकाई की सामान्य सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना और बजट पर विस्तार से चर्चा कर अनुमोदन किया गया।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी जिला कलेक्टर यह सुनिश्चित करें कि सामाजिक अंकेक्षण की रिपोर्ट संबंधित ग्राम सभाओं के समक्ष अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीणों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026-27 के दौरान प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण कराया जाएगा।
इस दौरान वर्ष 2024-25 और 2025-26 में अब तक किए गए सामाजिक अंकेक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नवाचारों, विकास एजेंसियों के सहयोग तथा इकाई के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मनरेगा के संशोधित स्वरूप वीबीजीरामजी में सामाजिक अंकेक्षण के प्रावधानों को अपनाने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न रिक्त पदों को नियमानुसार भरने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, प्रमुख सचिव शहला निगार, सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं सामाजिक अंकेक्षण इकाई के सदस्य उपस्थित रहे।





