#Uncategorized #प्रदेश

CG Road Accident: मंत्री केदार कश्यप की कार से भिड़ी स्कॉर्पियो, फिर फॉलो वाहन को मारी टक्कर; जवान घायल

Advertisement Carousel

 

जगदलपुर-कोंडागांव। जगदलपुर-कोंडागांव सीमा पर रविवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंडागांव की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो ने मंत्री केदार कश्यप की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मंत्री के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमें सवार पुलिस जवान घायल हुए हैं।

पहले मंत्री की कार को मारी टक्कर, फिर फॉलो वाहन से भिड़ी स्कॉर्पियो

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार को टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो सीधे फॉलो वाहन से जा टकराई।

हादसा इतना जोरदार था कि फॉलो वाहन को काफी नुकसान पहुंचा। अचानक हुई दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

मंत्री बाल-बाल बचे, पुलिस जवान अस्पताल में भर्ती

हादसे में मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। वहीं फॉलो वाहन में सवार पुलिस जवानों को चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत-बचाव कार्य के बाद हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ कर दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल मंत्री सुरक्षित हैं, जबकि घायल पुलिस जवानों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।