#प्रदेश

बड़ी खबर : नौगई तिहरे हत्याकांड की CBI जांच को मंजूरी, छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी की अधिसूचना

Advertisement Carousel

 

० कोरिया के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब केंद्रीय एजेंसी करेगी, 16 जून की वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था

रायपुर/कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बहुचर्चित नौगई (कटगोड़ी) तिहरे हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। लंबे समय से पीड़ित परिवार और विपक्ष इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। मंगलवार को राज्य सरकार ने दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा-6 के तहत मामले की जांच के लिए सीबीआई को औपचारिक सहमति प्रदान कर दी।

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सोनहत थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 65/2026 और 66/2026 की जांच अब सीबीआई के जिम्मे होगी। इसके लिए दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना के अधिकार क्षेत्र का विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ में किया गया है।

16 जून की रात हुई थी दिल दहला देने वाली वारदात

यह सनसनीखेज घटना 16-17 जून की दरम्यानी रात को कोरिया जिले के कटगोड़ी (नौगई) गांव में हुई थी। भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने दो साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में पहुंचे थे। आरोप है कि पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने उन्हें बुलाया गया और फिर उन पर हमला कर दिया गया।

हमलावरों ने कथित तौर पर फॉर्च्यूनर को घेरकर उसमें पेट्रोल छिड़क आग लगा दी। इस हमले में भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी थी।

सभी 9 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद कोरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह का बहाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी सहित अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने पहले मनेंद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था। वहीं अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी समेत अन्य आरोपियों को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

अब सीबीआई इस हाई-प्रोफाइल तिहरे हत्याकांड की जांच कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं और साजिश की गहराई से पड़ताल करेगी।