#प्रदेश #राष्ट्रीय

गुजरात ATS का बड़ा एक्शन: जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध स्लीपर सेल सदस्य गिरफ्तार

Advertisement Carousel

० गुजरात और मध्य प्रदेश में छापेमारी, पाकिस्तान से इंटरनेट के जरिए जुड़े थे संदिग्ध; आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की थी साजिश

नई दिल्ली।गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े कथित स्लीपर सेल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात में आतंकी नेटवर्क तैयार कर किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

ATS के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आठ संदिग्धों में सात आरोपियों को गुजरात के पाटन और नवसारी से तथा एक आरोपी बिलाल दुर्रानी घाघरा को मध्य प्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में जांच एजेंसियों को पता चला है कि सभी संदिग्ध इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद के संचालकों के संपर्क में थे। वे कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों, स्लीपर सेल तैयार करने और संगठन के विस्तार से जुड़ी जानकारियों का आदान-प्रदान कर रहे थे।

ATS का कहना है कि शुरुआती जांच में यह संकेत मिले हैं कि आरोपी गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का स्लीपर सेल नेटवर्क विकसित करने की कोशिश कर रहे थे, ताकि भविष्य में किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम दिया जा सके।

फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां उनके डिजिटल उपकरणों, संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा उनकी गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक है।