#प्रदेश

छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान! रायपुर पहुंचे पर्यटन मंत्रालय के महानिदेशक सुमन बिल्ला, पर्यटन विकास पर हुआ मंथन

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम पहल हुई है। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला के रायपुर आगमन पर पर्यटन सचिव डॉ. एस. भारती दासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत किया।

सुमन बिल्ला भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में आयोजित दो दिवसीय मंत्रिमंडल चिंतन शिविर में पर्यटन विषय के प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य के पर्यटन विकास को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।

बैठक में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही इको टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, पुरातात्विक पर्यटन और जनजातीय पर्यटन की अपार संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने पर जोर दिया गया।

चर्चा में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल प्रचार-प्रसार, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने तथा स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित कर रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने पर भी सहमति बनी।

बैठक में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पर्यटन परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने और केंद्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ छत्तीसगढ़ को दिलाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

चिंतन शिविर में सुमन बिल्ला ने “सतत समृद्धि के आधार के रूप में पर्यटन : छत्तीसगढ़ में आजीविका सृजन, संस्कृति का संरक्षण और प्रकृति की सुरक्षा” विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। इसके बाद उन्होंने “आगे की राह – विचार मंथन” सत्र का संचालन करते हुए पर्यटन को सुशासन, सतत विकास और स्थानीय रोजगार से जोड़ने के व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किए।

उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ का पर्यटन क्षेत्र नई गति पकड़ेगा और राज्य की जैव विविधता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत तथा प्राकृतिक सौंदर्य को वैश्विक पहचान मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।