महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- महिलाओं को 33% आरक्षण देने का वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार

नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण और महिला आरक्षण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति को सशक्त बनाने का संकल्प अटल है। सरकार महिलाओं से किए गए 33 प्रतिशत आरक्षण के वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि महिलाओं को नीति निर्माण में उचित भागीदारी दिलाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का उत्थान देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए दशकों से प्रयास किए जा रहे हैं। वह भी इस दिशा में संघर्ष करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम इसे पूरा करने के लिए संकल्पित हैं।”
परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र की नई पहल
पीएम मोदी का यह बयान महिला आरक्षण कानून को परिसीमन प्रक्रिया से जोड़कर आगे बढ़ाने की केंद्र सरकार की कोशिशों के बीच आया है। वर्ष 2023 में संसद से पारित महिला आरक्षण कानून में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया था।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत परिसीमन के बाद गठित होने वाली बड़ी लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत सीटें देने की योजना है। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
महिला आरक्षण बिल में संशोधन की तैयारी
सरकार मौजूदा महिला आरक्षण कानून में संशोधन पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
इससे पहले महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने और लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव सामने आया था। हालांकि, अप्रैल में इससे संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो सका था।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे के बीच संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी।
सरकारी कामकाज की उपलब्धता के आधार पर विशेष सत्र के 3 दिसंबर को समाप्त होने की संभावना है। इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर सरकार के अगले कदम पर नजर रहेगी।




