#प्रदेश

खुले कुएं में गिरी मादा भालू, वन विभाग ने रैंप बनाकर किया सफल रेस्क्यू, जंगल में सुरक्षित छोड़ा

Advertisement Carousel

० मनेंद्रगढ़ वनमंडल के बिहारपुर क्षेत्र की घटना, घंटों की मशक्कत के बाद बचाई गई वन्यजीव की जान

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ वनमंडल में एक मादा भालू खुले कुएं में गिर गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अनोखी रणनीति अपनाते हुए कुएं की दीवार तोड़कर रैंप तैयार किया। इसी रास्ते भालू सुरक्षित बाहर निकली और वापस जंगल की ओर चली गई।

मनेंद्रगढ़ वनमंडल में वन विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक मादा भालू की जान बचा ली। भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकली मादा भालू अचानक एक खुले कुएं में गिर गई, जिसके बाद वह घंटों तक बाहर नहीं निकल सकी।

यह घटना मनेंद्रगढ़ वनमंडल के बिहारपुर वन परिक्षेत्र की सोनहरी बीट की है। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

भालू को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित निकालने के लिए अधिकारियों ने कुएं की एक दीवार को आंशिक रूप से तोड़कर मिट्टी का रैंप (ढलान) तैयार किया। कुछ देर बाद मादा भालू उसी रैंप के सहारे धीरे-धीरे कुएं से बाहर निकली और सीधे जंगल की ओर चली गई।

रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल होने के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए ताकि भालू को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से लगे इलाकों में खुले कुओं को सुरक्षित ढंकें या उनके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाएं, ताकि भविष्य में वन्यजीव इस तरह के हादसों का शिकार न हों।