#crime #प्रदेश

भिलाई में सनसनी: PG में घुसकर छात्रा खुशी साहू की चाकू मारकर हत्या

Advertisement Carousel

० बेमेतरा की रहने वाली थी छात्रा, सहेली के नहाने के दौरान वारदात; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। रामनगर स्थित पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा खुशी साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा निवासी 20 वर्षीय खुशी साहू भिलाई के रामनगर स्थित एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार को अज्ञात हमलावर ने कमरे में घुसकर उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।

सहेली के नहाने के दौरान दिया वारदात को अंजाम

बताया जा रहा है कि घटना के समय खुशी की रूममेट नहाने गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

जब सहेली वापस कमरे में पहुंची तो खुशी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी मिली। उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मकान मालिक और अन्य लोगों की मदद से खुशी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।

कैफे में भी करती थी नौकरी

पुलिस के अनुसार, खुशी साहू पढ़ाई के साथ-साथ वैशाली नगर स्थित फ्रेंड्स कैफे में भी काम करती थी। पुलिस उसके दोस्तों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में धारदार चाकू से हत्या की पुष्टि हुई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, परिचितों की भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।