महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में एलुमिनाई एसोसिएशन की बैठक, छात्र कल्याण और विकास योजनाओं पर बनी रणनीति

रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय में एलुमिनाई एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, छात्र हितों और पूर्व छात्रों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान छात्र कल्याण से जुड़े कई प्रस्तावों पर सहमति बनी।
बैठक में आगामी दिनों में वृक्षारोपण अभियान, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों और विभिन्न छात्र हितैषी गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा और फीस सहायता के लिए एलुमिनाई एसोसिएशन की भूमिका को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
चर्चा के दौरान वर्तमान विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास, रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा पूर्व छात्रों के अनुभव का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर प्रेरक व्याख्यान, कार्यशालाओं और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य देवाशीष मुखर्जी ने कहा कि एलुमिनाई एसोसिएशन महाविद्यालय और पूर्व छात्रों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों का सहयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और महाविद्यालय के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एलुमिनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा, समाज सेवा और छात्र कल्याण के क्षेत्र में संगठन की सक्रिय भूमिका को और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष स्वाती साहू, अंकित शुक्ला, मोहन पाठक, सचिव संजना शर्मा, संयुक्त सचिव रोहित चौहान, कोषाध्यक्ष राधेश्याम व्यास तथा एलुमिनाई एसोसिएशन के प्रभारी लक्ष्मीकांत साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने महाविद्यालय के समग्र विकास और विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।





