#प्रदेश

न्याय व्यवस्था पर जनता का भरोसा कायम रखना अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों की जिम्मेदारी: बृजमोहन अग्रवाल

Advertisement Carousel

0 रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, सांसद निधि से ₹10 लाख देने की घोषणा

रायपुर। रायपुर जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में शुक्रवार को रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नव निर्वाचित अध्यक्ष देवांगन एवं उनकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए न्याय व्यवस्था की साख बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं की साझा जिम्मेदारी है कि वे न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास कायम रखें। उन्होंने कहा कि आज समाज में अधिकांश संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है, लेकिन न्यायपालिका पर लोगों का विश्वास अब भी बना हुआ है और इसे और मजबूत बनाए रखना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति में संविधान और कानून की समझ रखने वाले लोगों की भागीदारी कम होती जा रही है। पहले संसद और विधानसभाओं में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और विधि विशेषज्ञ जनप्रतिनिधि होते थे, लेकिन अब यह संख्या घट रही है। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति को बेहतर दिशा देने के लिए कानून और संविधान के जानकार लोगों को सार्वजनिक जीवन में आगे आना चाहिए।

अपने संबोधन के दौरान सांसद ने जिला न्यायालय से जुड़े पुराने संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने बताया कि छात्र जीवन से लेकर वर्ष 2000 तक उनका न्यायालय से गहरा जुड़ाव रहा है। अधिवक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए उन्होंने अधिवक्ता संघ की सुविधाओं के विकास के लिए सांसद निधि से ₹10 लाख देने की घोषणा की।

बृजमोहन अग्रवाल ने अधिवक्ता संघ से अपील की कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में गरीबों को न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति गौतम चौरड़िया, जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलराम वर्मा, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, स्टेट बार काउंसिल के उपाध्यक्ष विराट वर्मा, सदस्य बृजेश नाथ पाण्डेय, फैज़ल रिजवी, विवेकानंद भोई, पूर्व अध्यक्ष राम नारायण व्यास, हितेन्द्र तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. शुक्ला, शेखर अमीन, कोषराम साहू, यू.बी. अवस्थी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

कार्यालय का उद्घाटन और कैलेंडर का विमोचन

समारोह के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन किया तथा संघ के नए कैलेंडर का विमोचन भी किया।