#प्रदेश

NH-53 पर भीषण ट्रिपल एक्सीडेंट: कंटेनर, यात्री बस और डायल-112 वाहन की जोरदार भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री और पुलिसकर्मी

Advertisement Carousel

 

० मंदिर हसौद थाने के सामने हुआ हादसा, तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त; हाईवे पर लगा लंबा जाम

आरंग। रायपुर-आरंग नेशनल हाईवे-53 पर बुधवार को मंदिर हसौद थाना के सामने एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर, किरण ट्रेवल्स की यात्री बस और पुलिस की डायल-112 पेट्रोलिंग वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री व पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।

डायल-112 को पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, डायल-112 की पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग के बाद पलौद मोड़ की ओर से लौट रही थी। जैसे ही पुलिस वाहन मंदिर हसौद थाने के सामने हाईवे से अंदर मुड़ने लगा, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

कंटेनर से टकराई यात्री बस

टक्कर के बाद कंटेनर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसी दौरान पीछे से आ रही किरण ट्रेवल्स की बस (CG 06 HB 9519) भी कंटेनर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे।

तीनों वाहनों को भारी नुकसान

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डायल-112 वाहन का अगला और साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि इंजन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं बस का अगला हिस्सा, बंपर और विंडशील्ड टूट गई। कंटेनर का पिछला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

थाने के ठीक सामने हादसा होने के कारण नेशनल हाईवे-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों व चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात को दोबारा सुचारु किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।