#प्रदेश

स्कूल बस की चपेट में आकर 2 साल की मासूम की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Advertisement Carousel

० मानपुर के घोटिया गांव में दर्दनाक हादसा, चालक मौके से फरार; मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस मौके पर

मोहला-मानपुर। मोहला-मानपुर जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। स्कूल बस की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मानपुर ब्लॉक के खडगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेने पहुंची थी। इसी दौरान दो वर्षीय युवानसी नरेटी बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेज दिया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।