CG Sports Awards 2025-26: छत्तीसगढ़ सरकार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से मांगे आवेदन, 5 अगस्त तक करें अप्लाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण एवं विभिन्न खेल पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं। विभाग ने शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद पुरस्कार, प्रेरणा निधि और डाइट मनी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित
राज्य सरकार हर वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित करती है।
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार – राष्ट्रीय खेलों/राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनियर खिलाड़ियों के लिए।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार – राष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले जूनियर खिलाड़ियों के लिए।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार – उत्कृष्ट प्रशिक्षकों और निर्णायकों के लिए।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान – पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए।
शहीद विनोद चौबे सम्मान – 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खिलाड़ियों या खेल सेवियों के लिए जिन्होंने खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी – राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली सीनियर और जूनियर टीमों के लिए।
इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार: ₹3 लाख
शहीद कौशल यादव पुरस्कार: ₹1.50 लाख
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: ₹1.50 लाख
शहीद पंकज विक्रम सम्मान: ₹25 हजार
शहीद विनोद चौबे सम्मान: ₹25 हजार
मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत—
4 सदस्यीय टीम: सीनियर वर्ग ₹2 लाख, जूनियर वर्ग ₹1 लाख
4 से अधिक सदस्यीय टीम: सीनियर वर्ग ₹5 लाख, जूनियर वर्ग ₹3 लाख
पुरस्कार विजेताओं को नगद राशि के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
नगद पुरस्कार, डाइट मनी और प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर खिलाड़ियों से नगद पुरस्कार के लिए आवेदन मांगे गए हैं। वहीं राज्य स्तर पर पदक जीतने या राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ी डाइट मनी (खेलवृत्ति) के लिए आवेदन कर सकते हैं। खेल संघ वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन कर सकेंगे।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन फॉर्म खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय, जिला कार्यालयों और राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। पुरस्कारों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। वहीं शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल संबंधित राज्य खेल संघ की अनुशंसा के माध्यम से ही मान्य होंगे।
5 अगस्त है अंतिम तिथि
सभी पात्र आवेदकों को 5 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में आवेदन जमा करना होगा। जिन खिलाड़ियों की अनुशंसा किसी मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा नहीं की गई है, लेकिन उनकी उपलब्धियां पात्रता के अनुरूप हैं, वे निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन सीधे खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय या जिला कार्यालय में भी प्रस्तुत कर सकते हैं।




