कोरबा में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया चक्काजाम

कटघोरा। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। चांदनी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे मार्ग पर घंटों यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने चांदनी चौक पर लगातार हो रहे हादसों को रोकने के लिए तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।





