#प्रदेश

खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचा 3 साल का मासूम, कुछ देर बाद मिली लाश… परिवार में मचा कोहराम

Advertisement Carousel

 

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। घर के पास खेल रहा महज 3 साल का मासूम अचानक कुएं में जा गिरा। जब तक परिजनों को इसकी भनक लगी और बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

यह दर्दनाक घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर बस्ती की है। हादसे के बाद इलाके में भी मातम पसरा हुआ है।

खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया अभियांस

बताया जा रहा है कि 3 वर्षीय अभियांस पटेल घर में खेल रहा था। खेलते हुए वह घर से लगी बाड़ी की ओर चला गया। इसी दौरान वह वहां मौजूद कुएं में गिर गया।

कुछ देर तक जब अभियांस घर में नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के दौरान जब कुएं में नजर गई तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। मासूम कुएं में गिरा हुआ था।

परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद अभियांस को मृत घोषित कर दिया।

बारिश से लबालब भरा था कुआं

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। इसके चलते बाड़ी का कुआं पानी से पूरी तरह भर गया था। इसी कुएं में गिरने से मासूम की जान चली गई।

दो भाइयों में सबसे छोटा था अभियांस

अभियांस दो भाइयों में सबसे छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था। पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी उगाने का काम करते हैं।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। घटना ने एक बार फिर खुले और पानी से भरे कुओं के आसपास छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खेलते-खेलते कुएं तक पहुंचा 3 साल का मासूम, कुछ देर बाद मिली लाश… परिवार में मचा कोहराम

Gen-Z पर BJP की नजर : ओपी