Spain Train Accident: मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की टक्कर, 30 से ज्यादा लोगों की मौत; कई घायल

मैड्रिड। स्पेन में मैड्रिड को दक्षिणी अंडालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल लाइन पर बुधवार को दो ट्रेनों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद रेल यातायात रोक दिया गया और बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेल ऑपरेटर एडिफ के मुताबिक, मैड्रिड-अंडालूसिया हाई-स्पीड रेल लाइन पर दो ट्रेनों की पीछे से टक्कर हुई। हादसे के बाद इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना मैड्रिड से सेविले जाने वाली रेल लाइन पर टोलेडो के पास हुई।
सुबह 9 बजे के बाद हुआ हादसा
कास्तिया-ला मांचा क्षेत्र के सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9 बजे के कुछ ही देर बाद रेनफे और इर्यो की ट्रेनें आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इर्यो ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत की बात कही गई है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि की जा रही है। राहत एवं बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं।
हादसे की तस्वीरों में दिखा मंजर
स्थानीय टेलीविजन चैनल की तस्वीरों में एक ट्रेन पटरी से उतरी दिखाई दी। उसका कम से कम एक डिब्बा ऊंचे रेल ट्रैक पर था, जबकि ट्रैक के नीचे ढलान वाले इलाके में मुड़ी हुई धातु, टूटे हुए पैनल और मलबा बिखरा नजर आया।
पास के उर्दा शहर के मेयर मैनुअल गालान ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं ने नगर परिषद से यात्रियों और घायलों के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार रखने को कहा है। इसके लिए एक खेल हॉल को भी तैयार किया गया है।
9 महीने पहले भी हुआ था बड़ा ट्रेन हादसा
स्पेन में यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब इसी रेल लाइन पर करीब नौ महीने पहले भी हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर हुई थी। जनवरी में कोर्डोबा प्रांत के आदामुज के पास हुए हादसे में एक ट्रेन पटरी से उतरने के बाद सामने से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई थी। उस दुर्घटना में 46 लोगों की मौत हुई थी।उस हादसे के बाद स्पेन में रेलवे के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर किए जा रहे निवेश को लेकर सवाल उठे थे।
प्रधानमंत्री ने रद्द किए कार्यक्रम, विपक्ष ने भी रोका प्रचार
हादसे के बाद प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने अपने दिनभर के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि वह परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते और कास्तिया-ला मांचा के प्रमुख के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित लोगों की मदद और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मौके पर काम कर रही हैं।
विपक्षी पीपुल्स पार्टी ने भी हादसे के मद्देनजर अपने सभी चुनाव प्रचार कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।




