#प्रदेश

CG News: आकाशीय बिजली ने छीन ली पति-पत्नी की जिंदगी, घर के पास बैठे थे दोनों; गांव में पसरा मातम

Advertisement Carousel

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली ने एक बैगा दंपती की जान ले ली। तेज गर्जना के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

घर की दीवार के पास बैठे थे पति, पास ही काम कर रही थी पत्नी

घटना मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा ढपनिपानी की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार शाम करीब 7 बजे मंगल सिंह (46) घर की दीवार से टिककर बैठे थे। उनकी पत्नी बिरस्पतिया बाई (43) पास ही परछी में काम कर रही थीं।

इसी दौरान अचानक तेज गर्जना और चमक के साथ आकाशीय बिजली मकान पर आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से दोनों जमीन पर गिरकर अचेत हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

PVTG बैगा समुदाय से था परिवार

मृतक दंपती विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) बैगा समुदाय से थे। एक ही हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई और कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।