#खेल

अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान : श्रेयस अय्यर कप्तान,वैभव सूर्यवंशी को फिर मौका

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली . भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया है।

दिल्ली में होंगे सीरीज के तीनों मुकाबले

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज के सभी तीन मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

पहला टी20 — 13 सितंबर
दूसरा टी20 — 15 सितंबर
तीसरा टी20 — 17 सितंबर

यानी पांच दिनों के भीतर सीरीज के तीनों मुकाबले खेले जाएंगे।

बुमराह समेत चार खिलाड़ियों का खेलना फिटनेस पर निर्भर

टीम में जसप्रीत बुमराह, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर और हर्षित राणा को जगह मिली है। हालांकि इन चारों खिलाड़ियों का अंतिम रूप से खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।

बुमराह की मौजूदगी टीम के लिए खास अहम मानी जा रही है, लेकिन उनके खेलने पर फैसला फिटनेस रिपोर्ट के बाद ही होगा।

रिंकू सिंह को नहीं मिली जगह

अफगानिस्तान सीरीज के लिए रिंकू सिंह को 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है। इससे पहले भी उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में जगह नहीं मिली थी।वहीं संजू सैमसन और ईशान किशन को विकेटकीपर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी को एक बार फिर भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। युवा बल्लेबाज के प्रदर्शन पर इस सीरीज में खास नजर रहेगी।

एशियाई खेलों से पहले अहम होगी सीरीज

सितंबर के अंत में होने वाले एशियाई खेलों से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत एशियाई खेलों में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेगा। ऐसे में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम संयोजन को परखने का यह अहम मौका होगा।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा.