#प्रदेश

CG News: अम्बिकापुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत, बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का भी लोकार्पण; 3859 लाख से विकसित हुई अटल विहार योजना

Advertisement Carousel

 

अम्बिकापुर। पर्यावरण संरक्षण और मातृशक्ति के सम्मान के संदेश के साथ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अम्बिकापुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। सरगवां स्थित अटल विहार योजना में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने पौधरोपण किया। इस दौरान कॉलोनी में निर्मित बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का भी लोकार्पण किया गया।

मंत्री बोले- पौधा लगाना ही नहीं, उसे पेड़ बनाना भी जिम्मेदारी

कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ सिर्फ पौधरोपण का अभियान नहीं है, बल्कि मां के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल करने की अपील की। मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अभियान के तहत सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगवां कॉलोनी में बाउंड्रीवाल की लंबे समय से मांग की जा रही थी। मंडल अध्यक्ष की पहल से इसका निर्माण पूरा होने के बाद अब लोकार्पण किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधों को कॉलोनीवासियों ने संरक्षित किया, जिसके कारण वे अब पेड़ का रूप ले रहे हैं।

अब मंडल की दूसरी कॉलोनियों में भी चलेगा अभियान

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण के लिए भी प्रेरित करना है। आवासीय योजनाओं में हरित क्षेत्र बढ़ाकर कॉलोनियों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने पर मंडल का विशेष जोर रहेगा।

9.70 एकड़ में बने 251 भवन, 3859.22 लाख की लागत

सरगवां स्थित अटल विहार योजना में मंडल ने 9.70 एकड़ भूमि पर करीब 3859.22 लाख रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास कार्य कराया है।

इनमें शामिल हैं—

14 HIG भवन
12 सीनियर MIG भवन
40 जूनियर MIG भवन
63 LIG भवन
122 EWS भवन

योजना के तहत बाउंड्रीवाल और WMM सड़क समेत अन्य निर्माण एवं विकास कार्य भी पूरे किए गए हैं। इन सुविधाओं के शुरू होने से कॉलोनीवासियों को बेहतर आवासीय वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों के जरिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के भावनात्मक संदेश को लोगों तक पहुंचाया गया।

जनप्रतिनिधियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने की। विशिष्ट अतिथियों में अम्बिकापुर महापौर मंजूषा भगत, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा निरुपा सिंह, नगर निगम अम्बिकापुर सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया और सरगुजा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और मंडल के अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।