नवा रायपुर में खुलेगा 111 कमरों वाला Ginger Hotel, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ा निवेश; IHCL ने ECHT Ventures से मिलाया हाथ

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर की पहचान अब सिर्फ प्रशासनिक राजधानी तक सीमित नहीं रह गई है। शहर तेजी से बिजनेस, निवेश और पर्यटन के नए डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख हॉस्पिटैलिटी कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) ने नवा रायपुर में 111 कमरों वाला Ginger Hotel विकसित करने की घोषणा की है।
IHCL इस परियोजना को ECHT Ventures के साथ साझेदारी में ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करेगी। होटल के शुरू होने के बाद नवा रायपुर आने वाले बिजनेस ट्रैवलर्स, निवेशकों और पर्यटकों को आधुनिक हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
CM बोले- निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस परियोजना को छत्तीसगढ़ और नवा रायपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि देश की प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी कंपनी का नवा रायपुर में Ginger Hotel लाना प्रदेश के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और शहर की राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश के अनुकूल शहर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के विस्तार से निवेश, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
बिजनेस और टूरिज्म को मिलेगा नया बूस्ट
वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि Ginger Hotel के आने से नवा रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शहर में संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ रही है। Ginger जैसी प्रतिष्ठित ब्रांड की परियोजना नवा रायपुर की बढ़ती संभावनाओं और बदलती तस्वीर को दर्शाती है।
होटल में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
प्रस्तावित Ginger Nava Raipur में कुल 111 कमरे होंगे। होटल में आधुनिक कमरों के साथ Ginger का सिग्नेचर ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट Qmin, मीटिंग रूम और फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी।
होटल को खास तौर पर बिजनेस यात्रियों के साथ-साथ नवा रायपुर घूमने और अवकाश बिताने आने वाले पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
प्रशासनिक राजधानी से बिजनेस डेस्टिनेशन तक नवा रायपुर
Ginger Hotel परियोजना को नवा रायपुर के तेजी से बदलते स्वरूप की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश परियोजनाओं और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के विस्तार से नवा रायपुर बिजनेस, पर्यटन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।




