#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश बनी आफत, रायपुर में 11 सेमी तो जगदलपुर में 25 सेमी बारिश; कई संभागों में भारी बारिश का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण और मध्य हिस्सों में जोरदार बारिश हुई है। कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी रायपुर में भी सुबह से बारिश का दौर जारी है और आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने रायपुर, सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

30 घंटे में दक्षिण-मध्य छत्तीसगढ़ में जमकर बरसे बादल

पिछले 30 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हुई।

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे में 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है और इसके बाद भी बारिश जारी है।

उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा अवदाब

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में एक अवदाब दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी ओडिशा के ऊपर स्थित है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इसके अगले 12 घंटे तक इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटों में इसके कमजोर होकर चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

26 सितंबर को राजधानी रायपुर में आसमान के मेघमय रहने के साथ रुक-रुककर बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

प्रदेश में शनिवार को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है।

प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है।

भारी बारिश की संभावना मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिम छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग और रायपुर संभाग के जिलों में जताई गई है।

जगदलपुर में 25 सेमी बारिश, कई इलाकों में 15 से 23 सेमी तक पानी

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई।

जगदलपुर: 25 सेमी
लोहंडीगुड़ा: 23 सेमी
बास्तानार, नानगुर: 22 सेमी
भनपुरी, मदार्पाल: 21 सेमी
तोकापाल, माकड़ी: 20 सेमी
बस्तर, केशकाल: 19 सेमी
बचेली: 18 सेमी
देवभोग: 17 सेमी
कोहकामेटा: 16 सेमी
अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर: 15-15 सेमी
नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर: 13-13 सेमी

लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित और निचले इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।